एनएच-31 पर लीची बाजार बना हादसों की वजह,कोढ़ा में सड़क किनारे बिक्री से बढ़ा खतरा

SHARE:

कोढा/कटिहार-कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे लग रहा अस्थायी लीची बाजार अब सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। हाईवे किनारे खुलेआम हो रही लीची की बिक्री के कारण यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हर वर्ष लीची के सीजन में एनएच-31 के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानें सज जाती हैं। इन दुकानों पर खरीदारी के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं, जिससे सड़क पर भीड़ बढ़ जाती है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच लोग अचानक वाहन रोककर लीची खरीदने लगते हैं, जो हादसों को न्योता देने जैसा है।

प्रत्यक्षदर्शियों में संजय,अरुण,कोमल,इंद्रदेव,सिंटू का कहना है कि सुबह से लेकर शाम तक लीची खरीदने वालों की भारी भीड़ लगी रहती है। कई वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाकर सड़क पर ही रुक जाते हैं, जिससे पीछे से आ रहे वाहन टकराते टकराते बचते हैं। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन और खरीदारों की भीड़ के कारण जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

यह स्थिति विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रही है। कई बार संकरी जगह में वाहन निकालने के दौरान लोग असंतुलित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे हो रही इस अवैध बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए और लीची विक्रेताओं के लिए किसी सुरक्षित स्थान को चिन्हित किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

इस संबंध में कोढ़ा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शहनवाज राजा ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला प्रशासन से अतिरिक्त बल की मांग कर विशेष अभियान चलाया जाएगा। पहले लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों को सूचना दी जाएगी, उसके बाद सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई