आयोग सदस्य तल्लू बास्की ने दिए समाधान के आश्वासन
कोढा/कटिहार-कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदिवासी टोला बहरखाल में आदिवासी समाज की जमीन से जुड़ी जनसमस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिहार सरकार के अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य तल्लू बास्की स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।जांच के दौरान ग्रामीणों ने आयोग सदस्य के समक्ष अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं।
लोगों ने बताया कि वर्षों से वे अपनी पुश्तैनी जमीन पर रह रहे हैं। लेकिन कुछ मामलों में कागजी प्रक्रिया की कमी,अतिक्रमण और आपसी विवाद के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन के सीमांकन और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी हो रही है। जिससे विवाद लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
तल्लू बास्की ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों में कागजी प्रक्रिया अधूरी है। उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा जिन मामलों में विवाद अधिक गंभीर हैं। वहां राजस्व विभाग की टीम बनाकर जमीन का सीमांकन कराया जाए।
साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी परिवार को उसकी जमीन से बेदखल करने की कोशिश की गई तो संबंधित दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर स्थानीय प्रशासन के कई अधिकारी,राजस्व कर्मी और पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।अधिकारियों ने आयोग सदस्य को आश्वस्त किया कि सभी मामलों की जांच तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
























