किशनगंज। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (जी.ई.सी.) किशनगंज के स्टार्टअप सेल की ओर से “लीगल एंड कंप्लायंस क्लिनिक्स” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं नवोद्यमियों को स्टार्टअप, कानूनी प्रक्रिया, कराधान, जीएसटी, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) तथा उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भगवान श्री राम ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। वहीं स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज प्रो. देवा नंद पटेल ने कहा कि “स्टार्टअप बिहार” युवाओं को अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है।
जिला अवर निबंधक मोहम्मद अनवर आलम ने कहा कि किसी भी स्टार्टअप के लिए कानूनी जानकारी और सही दस्तावेजी प्रक्रिया बेहद जरूरी है। उद्योग विभाग के जिला समन्वयक मोहम्मद माहिन रज़ा ने बताया कि बिहार सरकार स्टार्टअप नीति के माध्यम से युवाओं को आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है।
जिला औद्योगिक केंद्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल ने कहा कि उद्योग विभाग युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित कर रहा है। राज्य कर विभाग के उप आयुक्त अर्जुन कुमार ने जीएसटी एवं कर प्रणाली की जानकारी देते हुए कहा कि सही कर एवं अनुपालन की समझ हर स्टार्टअप के लिए आवश्यक है।
परियोजना प्रबंधक धनंजय कुमार ने छात्रों को निरंतर प्रयास और सही दिशा में कार्य करने की सलाह देते हुए सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सुजीत कुमार कामत, उद्योग प्रसार पदाधिकारी गोविंद झा, प्रो. निलय दास, प्रो. राजीव रंजन, अविनाश कुमार, प्रशांत कुमार, उत्सव गांगोपाध्याय, अमन प्रकाश, सुशांत कुमार (एमएसएमई) तथा महमूद आलम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
छात्र प्रतिनिधि दर्शील प्रसाद, अंशुमान कुमार, रोशन राज एवं दीप कुमार ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप पंजीकरण, जीएसटी, कराधान, आईपीआर, फाउंडर एग्रीमेंट एवं सरकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। छात्रों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।























