किशनगंज पहुंचे बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री सह जिले की प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने राज्य में हो रहे अपराधियों के एनकाउंटर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को हथियार सिर्फ दिखाने के लिए नहीं दिया गया है। यदि कोई अपराधी पुलिस पर हमला करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधी कितना भी बड़ा क्यों न हो, इस सरकार में उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष Akhtarul Iman द्वारा एनकाउंटर पर उठाए गए सवालों पर प्रभारी मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब राज्य में हत्या जैसी घटनाएं होती हैं तब विपक्ष सवाल क्यों नहीं उठाता। उन्होंने विपक्ष पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़ा करना उचित नहीं है।
मंत्री ने कहा कि सरकार जब अपराध रोकने के लिए कार्रवाई करती है तो विपक्ष उसका विरोध करता है, लेकिन जब अपराध बढ़ता है तब यही लोग सरकार को घेरते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को संतुलित नजरिए से देखने की जरूरत है।
गौरतलब है कि हाल ही में Akhtarul Iman ने अपराधियों के एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा था कि यदि एनकाउंटर ही करना है तो फिर कोर्ट बंद कर देना चाहिए। इसी बयान पर प्रभारी मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी।इस मौके पर जेडीयू जिला अध्यक्ष फैसल अहमद,नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान सहित अन्य लोग मौजूद थे।






















