किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बैगना पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन के निकट मरियाधार में वर्षों से आरसीसी पुल निर्माण की मांग उठती रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। पुल नहीं होने के कारण खासकर बरसात के दिनों में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत की आधी आबादी पूर्वी छोर पर तथा आधी आबादी पश्चिमी छोर पर निवास करती है। ऐसे में पंचायत सरकार भवन सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को काफी कठिनाई झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में मरियाधार उफान पर रहने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। कई बार लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जबकि मजबूरी में कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पार होते हैं। सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं को होती है। पश्चिमी छोर के बच्चों को मदरसा एवं अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने के लिए खतरनाक रास्ते से गुजरना पड़ता है। अभिभावकों में हमेशा किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय मुखिया एजाज हसन एवं पूर्व प्रमुख मिस बाबुल आलम ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए कई बार संबंधित विभाग को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि यहां आरसीसी पुल का निर्माण हो जाए तो हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी तथा बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
साथ ही पंचायत सरकार भवन तक लोगों की पहुंच आसान हो जाएगी। इस संबंध में कनिय अभियंता रणवीर कुमार ने बताया कि पुल निर्माण को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन को संबंधित विभागीय सचिव के पास अग्रसारित कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।






















