किशनगंज/राज कुमार
ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत बेसरबाटी पंचायत के कालिकाडांगा में रविवार को भक्ति, उत्साह और आस्था के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया। गोकुलधाम सोसायटी के बैनर तले आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक महाआयोजन का आगाज भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। बैंड बाजे, गाजे बाजे और जयकारों के बीच निकली यात्रा ने पूरे इलाके को भक्तिमय बना दिया। गांव की गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर तरफ बस राम नाम और हरिनाम की गूंज सुनाई दे रहा था।

कालिकाडांगा राधा कृष्ण मंदिर परिसर से शुरू हुई कलश यात्रा बादल चौक, धापोडांगी, मालाकाटा होते हुए चेंगा नदी घाट पहुंची। यात्रा में महिलाओं और युवतियों का उत्साह सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहा। सिर पर कलश लिए महिलाएं और युवतियां भजन गाते, झूमते और नाचते हुए आगे बढ़ती रहीं। बैंड की धुन और भक्तिमय गीतों के बीच चारों दिशाओं में हरिनाम की गूंज सुनाई देती रही। पूरा माहौल मानो धार्मिक मेले में तब्दील हो गया था।
श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तक़रीबन पांच किलोमीटर की दूरी 351 श्रद्धालुओं ने नंगे पांव और निर्जला उपवास रखकर तय की। महिलाएं, पुरुष और बच्चे बिना थके पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे। चेंगानदी घाट पहुंचने के बाद पंडित विनय झा के मंत्रोच्चारण के बीच वैदिक रीति से कलशों में जल भरा गया।
आयोजन समिति के अनुसार सोमवार शाम चार बजे से हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ होगा, जबकि मंगलवार शाम पांच बजे विसर्जन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
भव्य आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। गलगलिया थाना पुलिस पूरे कार्यक्रम के दौरान दलबल के साथ तैनात रही और यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुखिया प्रतिनिधि भातगांव मुन्ना सिंह, भाजपा जिला प्रवक्ता कौशल किशोर यादव, पथरिया मुखिया अजय कुमार सिंह, सरपंच प्रतिनिधि सिकंदर, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सुनील कुमार सहनी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा मरिया सुपेन राय,श्रीलाल राय, पिंकी देवी, सुनीता देवी समेत कमेटी के सक्रिय सदस्य सुधीर लाल राय, निताई दास, सतीश राय, वासुदेव राय, रवि लाल राय, अजीत लाल राय, बिसानंद राय, दिघेन्द्र नाथ गणेश, उत्तम राय, बिसटू राय, लालू राय, नारायण राय, अशोक राय और मनोज सिंह सहित अन्य लोगों नें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन समिति सदस्य सुपेन राय ने कहा कि यह केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि गांव की आस्था और सामाजिक एकता का महापर्व है। लोगों की श्रद्धा और सहभागिता देखकर मन अभिभूत है।
पूर्व पंचायत समिति सदस्य श्रीलाल राय ने कहा कि हर वर्ष यह आयोजन गांव की पहचान बनकर उभरता है। इस बार श्रद्धालुओं का उत्साह और भागीदारी पहले से अधिक रही। भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का ऐसा संगम पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।






















