कांग्रेस कार्यालय में जुटे प्रदेश व जिला नेतृत्व, संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प
कटिहार – जिला कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र आश्रम में रविवार को कांग्रेस पार्टी के ‘संगठन सृजन साथी अभियान’ के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बदलते राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस संगठन को पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत,सक्रिय और धारदार बनाना रहा। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन के विस्तार,जनसंपर्क और डिजिटल सदस्यता अभियान को गति देने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने की।
जबकि संचालन विमल सिंह बेगानी ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में संगठन को पूरी तरह गतिशील और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां दी जा रही हैं और सदस्यता अभियान को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। नेताओं ने बताया कि नए सदस्यों को ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए सदस्यता शुल्क ₹50 निर्धारित किया गया है।
जिला संगठन सृजन प्रभारी नीरज सिंह उर्फ छोटू सिंह, इमाम अली चिंटू, पिंटू चौधरी, हर्षवर्धन सिंह और अर्बन अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि पारदर्शी डिजिटल सदस्यता अभियान के जरिए युवाओं और समाज के सभी वर्गों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब पंचायत और प्रखंड स्तर पर संगठन मजबूत होगा, तभी कांग्रेस एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। इस कार्यक्रम में कांग्रेस पूर्व विधायक डॉ. शकील अहमद खान,अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम,आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक डॉ० विपिन कुमार सिंह, बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता प्रेम राय, अररिया कांग्रेस प्रभारी नैयर मसूद खान, प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अल्तमश दीवान, सऊद मुखिया, पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष सौरव कुमार, जिला प्रवक्ता पंकज कुमार तंमाखुवाला,नगर अध्यक्ष पुतुल सिंह और रिंकू मिश्रा, शाहनवाज खान,आनंद सिंह, प्रदीप पासवान, विक्रम कुमार पासवान सहित कई नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके अलावा विभिन्न प्रखंड अध्यक्षों और महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, आईटी सेल तथा अन्य प्रकोष्ठों से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभा के अंत में सभी नेताओं ने संगठन विस्तार, डिजिटल सदस्यता अभियान को तेज करने और वर्तमान राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से मुकाबला करने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: सत्येंदु सुमन


























