कोढा /कटिहार – कोढ़ा प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय शीशिया के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रांगण में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कोढ़ा विधायक कविता पासवान एवं विधान पार्षद अशोक अग्रवाल ने फीता काटकर किया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।समारोह की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। छात्राओं ने मधुर स्वर में गीत गाकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आनंदमय हो गया। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक लक्ष्मण रजक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय की स्थापना अप्रैल 1926 में हुई थी और तब से यह क्षेत्र में शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी अशोक अग्रवाल ने कहा कि 100 वर्षों की यात्रा किसी भी संस्थान के लिए गर्व की बात होती है।
उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही यह विद्यालय आज इस मुकाम तक पहुंच पाया है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए छात्रों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं विधायक कविता पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि आदर्श मध्य विद्यालय शीशिया ने एक सदी तक शिक्षा का प्रकाश फैलाकर समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और इस तरह के ऐतिहासिक विद्यालयों के विकास के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर उपस्थित आईटीबीपी के सेनानी, कर्नल, मुखिया अभिनंदन सिंह,कोढ़ा प्रमुख मोनिका देवी, मुखिया संघ के अध्यक्ष मो. काजिम,जगत नारायण सिंह,तारानंद सिन्हा, विद्यानंद सिंह,संभावित मुखिया प्रत्याशी रविंद्र कुमार, बहरखाल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा , विद्यालय सचिव बीबी जरीना,अध्यक्ष देवेंद्र कुमार उर्फ शंभु ने भी अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।


























