किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मटियारी हाट के निकट स्थित करबला कब्रिस्तान मोड़ पर लंबे समय से जलजमाव एवं सड़क पर बने बड़े गड्ढे के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से मुख्य सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बड़े गड्ढे में तब्दील हो गई थी।
स्थिति यह हो गई थी कि आए दिन बाइक चालक, साइकिल सवार एवं पैदल यात्री सड़क दुर्घटना का शिकार होकर चोटिल हो रहे थे। खासकर बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी, जिससे टेढ़ागाछ से बहादुरगंज आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद शुक्रवार को पहल करते हुए जेसीबी मशीन के माध्यम से नाला खोदकर पानी निकासी की व्यवस्था कराई गई।
इसके साथ ही सड़क पर जीएसबी डालकर सड़क का लेवल ठीक कराया गया, जिससे सड़क को फिर से आवागमन योग्य बनाया जा सका। सड़क मरम्मत कार्य होने से स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों में खुशी का माहौल देखा गया।इस कार्य की निगरानी मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी द्वारा की गई।
उन्होंने बताया कि सड़क पर बने गड्ढे एवं जलजमाव के कारण प्रतिदिन लोग गिरकर घायल हो रहे थे। जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल पहल कर सड़क को सुदृढ़ कराया गया ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत एवं जलनिकासी व्यवस्था बहाल किए जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि अब दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो जाएगी और लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी।

























