किशनगंज /विजय कुमार
टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर स्थित 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के “ई” समवाय माफीटोला में शुक्रवार को ग्राम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समवाय प्रभारी बलदेव सिंह (सहायक कमांडेंट) ने की। कार्यक्रम में भोरहा पंचायत के मुखिया अबु बक्कर, सरपंच मो० नौशाद आलम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की। इस अवसर पर समवाय प्रभारी बलदेव सिंह ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों की जागरूकता और सहभागिता से ही समाज एवं देश को सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सकता है।बैठक में नशा मुक्ति अभियान पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों एवं युवाओं को खुद और अपने बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी बर्बादी की ओर ले जाता है। नशे के कारण होने वाली विभिन्न गंभीर बीमारियों एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान, मानव तस्करी पर रोक तथा सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों एवं घुसपैठ को रोकने में ग्रामीणों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
एसएसबी अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, मानव तस्करी, अवैध कारोबार, घुसपैठ या देश विरोधी गतिविधियों की सूचना मिले तो तुरंत सुरक्षा बलों को सूचित करें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके। बैठक के अंत में ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

























