परीक्षा स्थगित होने पर भड़के छात्र,सड़क पर काटा बवाल, टायर जलाकर किया प्रदर्शन

SHARE:

पूर्णिया विश्वविद्यालय परीक्षा लेने में विफल

कटिहार – पूर्णिया विश्वविद्यालय के लचर प्रबंधन और प्रशासनिक अदूरदर्शिता का खामियाजा एक बार फिर हजारों छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। सीबीसीएस स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2025-2029 की परीक्षा के आयोजन में हुई भारी गड़बड़ी के बाद शनिवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। एडमिट कार्ड और परीक्षा प्रोग्राम की तिथियों में भारी विसंगति के कारण उत्पन्न हुई समस्या से अचानक 11 के द्वितीय पाली से 16 तारीख तक के सभी परीक्षाओं को स्थगित करने पर नाराज परीक्षार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियो ने डीएस कॉलेज, केबी झा कॉलेज,महिला कॉलेज कटिहार के विभिन्न महाविद्यालय के समीप मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन लगभग सभी परीक्षा केंद्रो में हुआ है। मामले की जड़ विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए एडमिट कार्ड और परीक्षा शेड्यूल के बीच का अंतर है।

और अचानक परीक्षा को स्थगित करने पर छात्रों का आरोप है कि उन्हें जारी किये गए एडमिट कार्ड पर अंकित तिथियां और विश्वविद्यालय के मूल परीक्षा प्रोग्राम की तिथियां आपस में मेल नहीं खा रही थीं। इस कारण कई छात्र परीक्षा केंद्र तक पहुँचने के बाद भी परीक्षा देने से वंचित रह गए, तो कई असमंजस की स्थिति में भटकते रहे। वही बढते हंगामे को देखते हुए कई जगह पुलिस भी पहुॅची और छात्र-छात्राओं को समझाने -बुझाने का प्रयास किया ।

वही गुस्साए विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के द्वारा जारी परीक्षा स्थगित होने के सूचना को भी फाड़ा। मौके पर मौजूद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत सह मंत्री विनय सिंह,विभाग सह संयोजक विक्रांत सिंह,जिला संयोजक रोहन प्रसाद, नगर सह मंत्री विशाल सिंह,विश्वविद्यालय प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय से वर्तमान में प्रबंधन नहीं संभल पा रहा है। छात्र नेताओं ने तीखे शब्दों में कहा,विश्वविद्यालय की इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत से विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लगा है। आये दिन परीक्षा फॉर्म, रिजल्ट और अब परीक्षा कार्यक्रम में इस तरह की गलतियां आम हो गई हैं।

अधिकारी बंद कमरों में बैठकर योजना बनाते हैं और जमीन पर छात्र परेशान होते हैं।
जिसके बाद पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। परीक्षा नियंत्रक द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि 11 अप्रैल 2026 की द्वितीय पाली से लेकर 16 अप्रैल 2026 तक की सभी निर्धारित परीक्षाएं अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई हैं।

इन स्थगित परीक्षाओं के लिए संशोधित कार्यक्रम की सूचना विश्वविद्यालय द्वारा बाद में प्रकाशित की जाएगी।विश्वविद्यालय ने उन विद्यार्थी के लिए भी राहत की घोषणा की है, जिनकी परीक्षा 8 अप्रैल से 11 अप्रैल प्रथम पाली के बीच किन्हीं कारणों से छूट गई थी। ऐसे छात्रों के लिए परीक्षा की विशेष तिथि बाद में घोषित की जाएगी।सड़कों पर उतरे छात्रों का कहना है कि परीक्षा स्थगित होना समाधान नहीं है, बल्कि यह प्रशासन की विफलता का प्रमाण है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई