बरारी /कटिहार – प्रखंड के नेमुआ गांव में नए प्राथमिक विद्यालय भवन का विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया। अब तक उत्क्रमित मध्य विद्यालय भैसदीरा में शिफ्ट होकर संचालित हो रहा था।अब यह विद्यालय अपने नए भवन में चलेगा।शुभारंभ के अवसर पर भूमिदाता उमेश प्रसाद सिंह की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर विद्यालय का विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। इस दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और बच्चों में नए स्कूल को लेकर उत्साह साफ नजर आया।
नए भवन के शुरू होने से बच्चों को सुरक्षित,सुव्यवस्थित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। ग्रामीणों ने निर्माण से लेकर उद्घाटन तक सक्रिय सहयोग दिया, जिससे सामुदायिक भागीदारी की मिसाल देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा विकास की आधारशिला है। गांव में ही स्कूल भवन बनने से बच्चों को दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे नामांकन और पढ़ाई का स्तर दोनों बेहतर होगा।
इस मौके पर प्रधानाध्यापक दीपक कुमार, शिक्षक विनोद कुमार, वीरेंद्र सिंह, बलवंत जायसवाल, प्रीतम कुमार, कटिहार मॉडर्न पब्लिक स्कूल के निदेशक राकेश रौशन,शिक्षिका रागिनी कुमारी, रमनदीप कौर, संतोष कुमार, बीआरसी कर्मी अनीश गुप्ता,छोटू चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वार्ड सदस्य चंदन कुमार, संजय यादव और अशर्फी यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। विद्यालय परिवार ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब विद्यालय अपनी अलग पहचान के साथ बच्चों के भविष्य को संवारने का काम करेगा। नया भवन गांव के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।




























