अररिया /बिपुल विश्वास
फारबिसगंज नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति चुनाव को लेकर सियासी तापमान चढ़ने लगा है. चुनाव आगामी 16 अप्रैल को होगा. जिसकी तैयारी जारी है.इधर चुनाव को लेकर पार्षदों को साधने की कवायद शुरू कर दी है.जोड़-तोड़, बैठकों और अंदरखाने की रणनीति का दौर शुरू हो गया है.
अब नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चयन मनोनयन के बजाय निर्वाचित वार्ड पार्षदों द्वारा गुप्त मतदान के माध्यम से किया जाएगा. जानकारों की मानें तो चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक होगा. इसके बाद 10 बजे से 11 बजे तक मतदान की तैयारियां की जाएंगी. मतदान 11 बजे से 2 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 2 बजे से 3 बजे तक पार्षदों के समक्ष ही की जाने की संभावना है. इसके बाद 3 बजे से 4 बजे तक निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी.
इस चुनाव में मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद को मतदान करने से वंचित रखा गया है.शपथ ग्रहण का कार्य अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी के द्वारा कराया जाएगा. पूरे चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रेक्षक एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की तैनाती की गई है. साथ ही निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति पांच सदस्यीय होती है.जिसमें मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद पदेन सदस्य होते हैं.
वहीं नगर परिषद में स्थाई समिति तीन सदस्यीय होती है. जानकारों की मानें तो अधिसूचना के अनुसार प्रत्येक रिक्त पद के लिए अलग-अलग मतपेटिकाएं रखी जाएंगी और एक वार्ड पार्षद केवल एक ही पद के लिए नामांकन कर सकेगा. मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाएं पार्षदों के समक्ष खोली जाएंगी और सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को विजयी घोषित किया जाएगा.
इधर जानकारों के मुताबिक वर्तमान स्थायी समिति के सदस्य मनोज सिंह, गणेश गुप्ता, मो.इस्लाम के अलावे पार्षद इरशाद सिद्दिकी,चांदनी सिंह, बेबी राय सहित आधा दर्जन पार्षदों के द्वारा उम्मीदवारी की घोषणा की गई है. इस मौके पर वार्ड पार्षद इरशाद सिद्दिकी ने बताया उन की दावेदारी है और तैयारियां शुरू कर दी गई है.




























