फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में तोड़फोड़,चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने ड्यूटी से किया इनकार

फारबिसगंज/अरुण कुमार

फारबिसगंज में दो लोगो की हत्या के बाद नाराज लोगो ने अनुमंडलीय अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ किया। जिसके बाद अस्पताल के चिकित्सक और कर्मी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।चिकित्सकों ने अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी करने से इनकार कर दिया है ।

गौरतलब हो कि गुरुवार की सुबह शहर के मार्केटिंग यार्ड परिसर में जघन्य तरीके से एक पिकअप वाहन चालक की हत्या गला रेतकर कर दी गई थी। वही घटना के बाद नाराज लोगो के द्वारा आरोपी की भी हत्या पीट पीटकर कर दी गई। जिसके बाद शहर वासी आक्रोशित हो उठे और सड़क पर आगजनी कर प्रदर्शन करने लगे साथ ही अनुमंडलीय अस्पताल में भी जमकर तोड़फोड़ की गई ।

अनुमंडलीय अस्पताल में लगे तमाम उपकरणों और अन्य सामानों को उग्र लोगो ने तोड़ फोड़ कर तहस नहस कर दिया।जिसे लेकर चिकित्सक और कर्मी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं ।

अस्पताल के डिप्टी सुप्रिटेंडेंट आशुतोष कुमार ने बताया कि जिस तरह से भीड़ के द्वारा हिंसक रूप अख्तियार किया गया और तोड़ फोड़ किया उससे हम सभी भयभीत हैं।उन्होंने कहा कि हम लोग यहां ड्यूटी नहीं करेंगे और सभी ने यह निर्णय लिया है कि अररिया अस्पताल में योगदान देंगे ।उन्होंने कहा कि अस्पताल कैसे चलेगा वो सिविल सर्जन समझे क्योंकि हम लोग काफी भयभीत है और यहां ड्यूटी नहीं कर सकते।इधर शहर में घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।