टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मटियारी पंचायत के नृत्यशाला गांव में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बूथ अध्यक्षों के बीच भाजपा का झंडा वितरण किया गया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रखंड अध्यक्ष देव मोहन सिंह ने की। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से बूथ अध्यक्षों को पार्टी का झंडा प्रदान किया और उन्हें संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाना है।
इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर “हर घर भाजपा, घर-घर भाजपा” का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को आम जनता तक पहुँचाने का आह्वान किया। प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ होते हैं और उनके समर्पण से ही संगठन मजबूत बनता है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और पार्टी को और सशक्त बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। “जय भाजपा, तय भाजपा” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए संगठन विस्तार के लिए हर संभव प्रयास करने का संकल्प लिया। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने एकजुटता के साथ स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाया और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसने क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के मनोबल को और ऊंचा किया।



























