अग्निकांड प्रभावित तीन परिवारों को विधायक तौसीफ आलम ने सहायता राशि का चेक किया प्रदान

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह


प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बैगना पंचायत के वार्ड संख्या 8 स्थित राजघाट मियापुर गांव में विगत दिनों लगी भीषण आग की घटना ने तीन परिवारों को पूरी तरह से बेघर कर दिया था। इस अग्निकांड में घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, वहीं तीन बकरियों की भी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार गहरे संकट में जीवन यापन कर रहे थे।

बताया जाता है कि आग लगने की घटना इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते आग ने तीनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो चुका था। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी चुनौती बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू की गई।

गुरुवार को एआइएमआइएम बहादुरगंज विधायक तौसीफ आलम, राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार एवं अंचल नाजिर नरेश कुमार संयुक्त रूप से राजघाट मियापुर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों की स्थिति को करीब से समझा। इस दौरान विधायक तौसीफ आलम ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और जनप्रतिनिधि हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार द्वारा मिलने वाली सभी आवश्यक सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।विधायक द्वारा मु. सलमा खातून, सरबीना खातून एवं जीतन बेगम को प्रत्येक को 12-12 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सहायता राशि तत्काल राहत के रूप में दी गई, ताकि पीड़ित परिवार अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा कर सकें।

राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार ने बताया कि अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन किया जा चुका है और नियमानुसार आगे की सहायता प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी। अंचल प्रशासन द्वारा पीड़ितों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई इस पहल की सराहना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी पीड़ित परिवारों को पुनर्वास के लिए समुचित सहायता मिलती रहेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई