रणविजय/पौआखाली:
ठाकुरगंज-बहादुरगंज राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर सोमवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है. दरअसल, सुखानी थाना क्षेत्र के भेलागुड़ी पेट्रोल पंप के समीप एक अनियंत्रित हाइवा ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. हाइवा का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण चालक को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था, जिसके बाद जेसीबी मशीन बुलाई गई. कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला जा सका.
घायल चालक की पहचान सोनू कुमार निवासी माटीगाड़ा थानाक्षेत्र, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है. चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हाइवा बालू से लदा हुआ था.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है वाहन में बालू लदा होने के कारण इसकी सूचना और प्रतिवेदन खनन विभाग और परिवहन विभाग को भेज दिया गया है ताकि ओवरलोडिंग या अवैध परिवहन जैसे पहलुओं की जांच की जा सके.




























