कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर टेढ़ागाछ थाना में पुलिस अधिकारियों की अहम समीक्षा बैठक आयोजित

SHARE:

संवाददाता /टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ थाना परिसर में सोमवार को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मोहम्मद. इजहार आलम ने की, जिसमें थाना क्षेत्र के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाना रहा।

बैठक के दौरान थानाध्यक्ष मो. इजहार आलम ने सभी पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चौकसी बढ़ाने और इस संबंध में सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि मामलों के जल्द निपटारे से आम जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होता है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में थाना परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा की गई।

थानाध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ वातावरण कार्यक्षमता को बढ़ाता है और इससे सकारात्मक कार्य संस्कृति का विकास होता है।

उन्होंने सभी कर्मियों को परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सहायक थाना अध्यक्ष रितेश कुमार, सब इंस्पेक्टर विकास कुमार, मनीषा कुमारी, सरोज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में थानाध्यक्ष ने सभी कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई