बारसोई /कटिहार – अनुमंडल कार्यालय बारसोई में सोमवार को अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने की। बैठक में जन वितरण प्रणाली पीडीएस की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए गए।बैठक के दौरान एसडीओ ने एजीएम को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी पीडीएस डीलर को अनाज सही मात्रा में एवं वजन करके ही वितरित करें।
किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर एजीएम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, उन्होंने कहा कि गोदाम प्रबंधक के विरुद्ध कई शिकायत आ रही है, और निर्देश के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है, अगर ऐसी स्थिति बनी रही तो गोदाम प्रबंधक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जएगा, उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
एसडीओ ने पीडीएस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि जरूरतमंदों तक सरकारी अनाज सही तरीके से पहुंच सके, उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। बैठक में एमओ सृजन श्रीवास्तव, उपमुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साह, विधायक प्रतिनिधि सागर साह, पिंटू यादव,अब्दुल वदूद, मनोज कुमार साह, दिलीप राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




























