अमदाबाद/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के अब्बास चौक से बैद्यनाथपुर होते हुए कादीर टोला तक मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बन रही सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने पर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। संवेदक द्वारा काम बंद कर दिए जाने के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और जेई,एसडीओ तथा संवेदक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
उक्त स्थल पर लगे सूचना पट पर सड़क का निर्माण कार्य 16 अप्रैल 2021 को शुरू किया गया था। जिसकी निर्धारित समाप्ति तिथि 16 अप्रैल 2022 थी। ग्रामीणों के मुताबिक अब तक सड़क पर केवल मिट्टी डालकर हल्का-फुल्का काम किया गया है। जबकि चार साल में पक्कीकरण का कार्य पूरी तरह अधूरा है।जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों में मो. मोफज्जल,समीर,सनजुर, रब्बानी, अकबर,शहनावाज, मुस्तकीम, हबीब,फहीम, परवेज, मुजम्मिल, अजाबुल, इमाम, सरफराज, तस्लीम आदि ने बताया कि संवेदक पिछले चार वर्षों में भी निर्माण कार्य पूरा नहीं कर सका और बीच में ही काम छोड़कर चला गया।
और संवेदक द्वारा कार्य पूर्ण होने का बोर्ड भी लगा दिया है।पिछले दिनों हुए बरसात के कारण सड़क पर जगह-जगह जलजमाव और कीचड़ हो गया है, जिसके कारण आवागमन बेहद ही मुश्किल हो गया है।इस संबंध में ग्रामीणों ने बीडीओ, एसडीओ मनिहारी तथा कटिहार डीएम को आवेदन देकर निर्माण कार्य की जांच कराते हुए इसे शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।




























