सालमारी /कटिहार – विभागीय निर्देश के तहत आजमनगर प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में शिक्षक – अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन कर वार्षिक मूल्यांकन के परिणाम घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। मध्य विद्यालय अरिहाना में आयोजित विशेष संगोष्ठी में विद्यालय की अध्यक्षा हीरा देवी एवं डायट फारबिसगंज के व्याख्याता महेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दर्जनों अभिभावकों ने भाग लेकर अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर शिक्षकों से विस्तार से चर्चा की।कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की झांकी एवं झिझिया लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से हुई।जिस पर उपस्थित अभिभावकों ने तालियों की गूंज के साथ सराहना की। इसके बाद वरीय शिक्षक श्यामा रविदास,विप्लव कुमार एवं नूरुल होदा ने अभिभावकों का स्वागत किया।
संगोष्ठी के दौरान वार्षिक मूल्यांकन के प्रगति पत्रक का वितरण किया गया। साथ ही कक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त आदर्श छात्र के रूप में भी कई बच्चों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक रंजन कुमार विश्वास सहित शिक्षक नूर आलम,अर्जुन कुमार विश्वास, राजकपूर कुशवाहा,अनुजा भारती, पूजा सिंह एवं टोला सेवक चंदन राय समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं सक्रिय रूप से मौजूद रहे।




























