अग्निकांड लाखों की संपत्ति राख,जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर बांटी राहत

SHARE:

समेली /कटिहार/प्रतिनिधि

समेली प्रखंड के मलहरिया पंचायत अंतर्गत बखरी तिवारी टोला, वार्ड संख्या 13 में देर रात करीब 2 बजे भीषण अग्निकांड की घटना घटी। इस हादसे में रामजीवन महतो का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की लपटों में लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान स्वाहा हो गया, वहीं घर में बंधी तीन बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई।

रात के सन्नाटे में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह,अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित कुमार सिंह, समेली प्रखंड के जिला परिषद प्रतिनिधि रोशन कुमार मंडल तथा भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष कुमोद कुमार मंडल घटनास्थल पर पहुंचे। सभी जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

साथ ही अपने निजी कोष से नगद राशि एवं खाद्यान्न सामग्री का वितरण कर तत्काल राहत पहुंचाई।जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने दूरभाष पर समेली के अंचलाधिकारी प्रियरंजन कुमार को घटना की जानकारी दी। प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन कर सरकारी सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।

वहीं मलहरिया पंचायत के मुखिया राजकुमार भारती एवं पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि दीपक कुमार मंडल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन से शीघ्र राहत दिलाने की मांग की। अचानक हुए इस अग्निकांड से पीड़ित परिवार के सामने भोजन और आवास की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल समुचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई