कटिहार – अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कटिहार जंक्शन के व्यापक विकास की दिशा में रेल प्रशासन ने बड़ा कदम बढ़ाया है। कटिहार स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए विस्तृत मास्टर प्लान को स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही स्टेशन आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप के साथ नई पहचान बनाता नजर आएगा।

यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में कटिहार रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह ने शनिवार को वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ कटिहार स्टेशन,रेलवे सर्कुलेटिंग एरिया, ट्रैक क्षेत्र तथा मनिहारी टर्मिनल स्टेशन का गहन औचक निरीक्षण किया और मनिहारी टर्मिनल स्टेशन के शेष लंबित कार्यों को छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिया।
वही अपने निरीक्षण के दौरान डीआरएम किरेंद्र नरह ने प्रत्येक विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए तथा लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया ।डीआरएम किरेंद्र नरह ने बताया कि कटिहार स्टेशन के लिए तैयार मास्टर प्लान के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
स्टेशन परिसर में स्थायी होल्डिंग एरिया,आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर पार्किंग, सुगम प्रवेश एवं निकास,व्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया, आकर्षक सौंदर्यीकरण तथा यात्री-अनुकूल आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद कटिहार जंक्शन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यह देश के विकसित रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
डीआरएम किरेंद्र नरह अपने निरीक्षण के दौरान कटिहार स्टेशन से पैदल पटरी पार करते हुए अपने टीम के साथ चलते चलते मनिहारी टर्मिनल पहुंचे थे और वापस भी रोड ओवर ब्रिज से निरक्षण करते हुए पैदल ही कटिहार स्टेशन पहुंचे। डीआरएम के नेतृत्व में कटिहार रेल मंडल में विकास कार्यों की गति उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है।
वे स्वयं परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करते हैं तथा हर कार्य को तय समय-सीमा के भीतर पूरा कराने पर विशेष ध्यान देते है। उनकी कार्यशैली से वर्षों से लंबित कई महत्वपूर्ण योजनाओं को भी नई गति मिली है। जिसका लाभ आने वाले समय में लाखों रेल यात्रियों को मिलेगा। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह, आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस, सीनियर डीईई पंकज पाल, सीनियर डीएन अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद रहे।



























