रंगदारी की मांग कर दुकानदार को पीटा, केस दर्ज

SHARE:

किशनगंज/सागर चंद्रा

रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने एक दुकानदार की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पंचायती कर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। लेकिन आरोपियों ने पंचायती में उपस्थित होना भी मुनासिब नहीं समझा। नतीजतन पीड़ित इंसाफ की मांग लेकर टाउन थाने जा पहुंचा।

जहां हटातपाड़ा, बेलवा निवासी पीड़ित असलम आलम के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार पीड़ित असलम बेलवा हाट में मिठाई दुकान कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। छगलिया निवासी बहार अली अक्सर उसके दुकान में बिना रुपये दिये चाय नाश्ता कर चला जाता था।

गत बुधवार को जब असलम ने उससे बकाया रुपयों की मांग की तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर असलम की पिटाई कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे असलम के पिता नसीम अख्तर की भी पिटाई कर दी गई। घटना में दोनों पिता-पुत्र को गंभीर चोटें आई।

बदमाशों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की और गल्ले में रखे रुपये ले लिया। जाते जाते बदमाशों ने असलम से दुकान करने के एवज में एक लाख रुपये रंगदारी की मांग भी की। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!