अररिया/अरुण कुमार
जिला पदाधिकारी विनोद दूहन द्वारा भारतीय नागरिकता प्राप्ति की प्रक्रिया के तहत नेपाल की 10 महिलाओं को शपथ दिलाई गई। इन सभी महिलाओं का विवाह अररिया जिले में हुआ है तथा वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ अररिया में निवास कर रही हैं। इससे पूर्व इन सभी का नागरिकता आवेदन प्रक्रिया के तहत सभी आवेदिकाओं के आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रमाण-पत्रों की प्रारंभिक जांच कराई गई है।
मालूम हो कि कि भारतीय नागरिकता प्रदान किए जाने की निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवेदिकाओं द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी दस्तावेजों को सत्यापन हेतु सर्वप्रथम गृह विभाग बिहार सरकार को भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत संबंधित अभिलेखों को अंतिम सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए गृह विभाग, भारत सरकार को अग्रसारित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि भारतीय नागरिकता प्रदान करने की पूरी प्रक्रिया भारत सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शिता एवं विधिसम्मत तरीके से संपादित की जाएगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकता से संबंधित सभी मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र आवेदिकाओं को नियमानुसार आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।























