गौरिया नदी पर टेकनी हाट पुल का एप्रोच कटाव की चपेट में,समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बाधित होगी आवाजाही

SHARE:

टेढ़ागाछ /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड के झाला–निशन्द्रा मुख्य सड़क पर गौरिया नदी स्थित टेकनी हाट के समीप बने पुल का एप्रोच लगातार हो रही बारिश और तेज जलप्रवाह के कारण कटाव की चपेट में आ गया है। पुल के पश्चिमी एवं पूर्वी दोनों ओर एप्रोच सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के पानी के तेज बहाव से एप्रोच के किनारे लगातार मिट्टी का कटाव हो रहा है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत एवं कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया तो एप्रोच ध्वस्त होने का खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसी स्थिति में झाला, निशन्द्रा सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित होगा और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क मानी जाती है, जिससे प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, किसान, व्यापारी एवं आम नागरिक आवागमन करते हैं। बरसात के मौसम में पुल के एप्रोच की जर्जर स्थिति दुर्घटना की आशंका भी बढ़ा रही है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि पुल के दोनों ओर क्षतिग्रस्त एप्रोच का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए।

साथ ही कटाव रोकने के लिए बोल्डर पिचिंग, मिट्टी भराई एवं अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना या आवागमन बाधित होने की स्थिति से बचा जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो बरसात के दौरान पुल का एप्रोच पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है, जिससे हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!