परीक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, कदाचारमुक्त संचालन के लिए हुई अहम ब्रीफिंग
किशनगंज /प्रतिनिधि
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित “अवर निरीक्षक मद्य निषेध” पद के लिए 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में प्रशासनिक पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित प्रतिनियुक्त कर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा ने कहा कि परीक्षा का संचालन बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षार्थी की पहचान का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं फोटो का मिलान, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा फ्रिस्किंग की प्रक्रिया आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा 12 जुलाई 2026 को एक पाली में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक आयोजित होगी। जिले के 06 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 3000 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रातः 9:30 बजे से 10:30 बजे तक ही कराया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 10:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों के बाहर माइकिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाए। प्रश्नपत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप अभ्यर्थियों की उपस्थिति में ही खोला जाए तथा रोल नम्बरवार बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए रोल नम्बर सूची को परीक्षा केन्द्र परिसर के प्रमुख स्थानों पर चस्पा किया जाए।
बैठक में बताया गया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिस बल तथा पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष दंडाधिकारी एवं पुरुष पुलिस बल द्वारा कराई जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर एवं अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा के सफल संचालन एवं प्रभावी निगरानी के लिए 02 उड़नदस्ता दल, 03 जोनल दंडाधिकारी-सह-समन्वय प्रेक्षक तथा 06 स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान नियमित भ्रमण करते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केन्द्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया गया।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में परीक्षा अवधि के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, किशनगंज में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06456-225152 है, जिस पर परीक्षा से संबंधित आवश्यक सूचना एवं शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार झा ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
बैठक में एडीएम आपदा प्रबंधन मो0 उमैर, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनिकेत कुमार, वरीय उपसमाहर्ता श्रीमती सुनीता कुमारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री चंदन कुमार, जिला स्तरीय सभी संबंधित पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मी उपस्थित थे।
























