KishanganjNews:शराब के नशे में हंगामा कर रहे पीएचसी के प्रधान लिपिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

SHARE:

दंपति के साथ दुर्व्यवहार करने और पुलिस पदाधिकारी के साथ मारपीट का आरोप

सागर चंद्रा / किशनगंज

शराब के नशे में डुमरिया भट्टा निवासी दंपति के साथ दुर्व्यवहार करने और समझाने पहुंचे पुलिस पदाधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप में पोठिया पीएचसी के प्रधान लिपिक रवि रौशन पांडे पिता विनय कुमार पांडे को गिरफ्तार किया गया है। टाउन थाने में तैनात एस आई राजू कुमार के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में जुट गई है।

घटना के बाद जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर शहर में चर्चा का बाजार भी गर्म हो गया है।


जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम एस आई राजू कुमार डुमरिया भट्टा स्थित अपने भाड़े के मकान में थे। इसी दौरान किसी अनहोनी की आशंका से परेशान पड़ोस में रह रहा एक दंपति उनके पास आया और बताया कि एक व्यक्ति बार-बार उनके दरवाजे को खटखटा कर उन्हें परेशान रहा है। दंपति की शिकायत पर जब एस आई राजू कुमार ने आरोपी प्रधान लिपिक को समझाने की कोशिश की तो वह एस आई से ही भीड़ गया।

आरोपी रवि रौशन ने ना केवल एस आई के साथ दुर्व्यवहार किया बल्कि उनकी पिटाई भी कर दी। जिससे राजू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान शराब के नशे में रहने के कारण आरोपी भी गिरकर घायल हो गया। एस आई की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने डुमरिया वार्ड नंबर 23 निवासी आरोपी रवि रौशन पांडे को हिरासत में ले लिया।

पुलिस एस आई और आरोपी को लेकर सदर अस्पताल पहुंची। जहां एस आई राजू कुमार का इलाज किया गया। जबकि सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान भी शराब के नशे में धुत्त प्रधान लिपिक ने जमकर हंगामा किया। हालांकि मेडिकल जांच में आरोपी के द्वारा शराब का सेवन करने की पुष्टि होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!