निसार अहमद/बहादुरगंज
नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही बहादुरगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 2 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बुधवार देर शाम थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी गांव के वार्ड संख्या-4 में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अरविंद कुमार और उसकी दादी मालती देवी के घर पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में अलग-अलग कपड़ों के झोलों में रखा 2.15 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद पैकेटों पर ए, बी, सी और डी का निशान अंकित था।
छापेमारी के दौरान पुलिस की नजर दहगांव निवासी 55 वर्षीय मोबिंदर हरिजन और भाटाबाड़ी निवासी संजना कुमारी पर पड़ी, जो मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को भी पकड़ लिया। इसके बाद अरविंद कुमार और मालती देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह पुलिस ने पूरे गिरोह के चारों सदस्यों को दबोच लिया।
थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बरामद गांजे को अलग-अलग लोगों तक पहुंचाने की फिराक में थे। गुप्त सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की और गांजे की खेप के साथ चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 428/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

























