महानंदा नदी में डूबा इंजीनियरिंग का छात्र, एसडीआरएफ की टीम खोज में जुटी

SHARE:

संवाददाता/ किशनगंज

किशनगंज में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, खाड़ीबस्ती के एक छात्र के महानंदा नदी में डूब जाने
का मामला प्रकाश में आया है यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। छात्र की पहचान साहिल कुमार साहनी (22 वर्ष) के रूप में हुई है।

वह पटना जिले के बिहटा निवासी हृदय कुमार का पुत्र था और राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, खाड़ीबस्ती में बी.टेक. की पढ़ाई कर रहा था। वह महाविद्यालय के छात्रावास में रहकर अध्ययन करता था।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिल अपने पांच दोस्तों के साथ महाविद्यालय के समीप बह रही महानंदा नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके और वह नदी में लापता हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही महाविद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया, जिसने नदी में तलाश अभियान शुरू किया।


समाचार लिखे जाने तक छात्र का शव बरामद नहीं हो सका था। राज्य आपदा मोचन बल के गोताखोर लगातार नदी में खोज अभियान चला रहे हैं। नदी में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


इस दुखद घटना से महाविद्यालय परिवार में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि मानसून के कारण महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और धारा काफी तेज है। इसके बावजूद छात्र स्नान करने नदी में चले गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि राज्य आपदा मोचन बल की टीम छात्र की तलाश में लगातार जुटी हुई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!