सोलर रूफटॉप अपनाने के लिए ग्रामीणों को किया गया जागरूक
कोढा /कटिहार- कोढ़ा प्रखंड के रौतारा पंचायत सरकार भवन में शनिवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सोलर रूफटॉप की हिस्सेदारी बढ़ाना तथा आवासीय घरों में स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से बिजली उत्पादन को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया तथा सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम में बताया गया कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 29 फरवरी 2024 से शुरू की गई प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2026-27 तक देश के एक करोड़ घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है।
इसी कड़ी में कटिहार जिले में चयनित सोलर मॉडल गांवों के अंतर्गत रौतारा पंचायत में शिविर आयोजित किया गया।अधिकारियों ने बताया कि योजना का क्रियान्वयन राज्य नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी ब्रेडा अथवा राज्य सरकार द्वारा चयनित एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक घरेलू उपभोक्ता कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को छोड़कर पीएम सूर्य घर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वेंडर चयन के बाद पीएम जन समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऋण के लिए आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध है।शिविर में बताया गया कि सरकार 1 किलोवाट सोलर पैनल पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि इस योजना से उपभोक्ताओं को सस्ती एवं स्वच्छ बिजली मिलेगी, बिजली बिल में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम में बिजली विभाग के कनिय विद्युत अभियंता पंकज ठाकुर, हरेंद्र कुमार सिंह,मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद नाजिम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




























