KatiharNews:तीन दिन में स्वयं हटा लें अतिक्रमण अन्यथा मंगलवार से होगी सख्त कार्रवाई,अब नहीं चलेगी मनमानी

SHARE:

बारसोई /कटिहार – बारसोई नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही अतिक्रमण और जाम की समस्या को लेकर लगातार उठाए जा रहे मुद्दों के बाद प्रशासन ने आखिरकार निर्णायक कदम उठाने का फैसला किया है। अनुमंडल कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट कर दिया गया कि अब सड़क और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में एसडीओ राजू कुमार, अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी विकास कुमार,अंचल पदाधिकारी श्याम सुंदर साह, थानाध्यक्ष उमेश कुमार, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह, उपमुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साह समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि नगर पंचायत की ओर से लगातार तीन दिनों तक माइकिंग कर अतिक्रमणकारियों को अंतिम अवसर दिया जाएगा कि वे स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा लें। इसके बाद मंगलवार से संयुक्त प्रशासनिक अभियान चलाकर बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कार्रवाई के दौरान न केवल आर्थिक दंड लगाया जाएगा, बल्कि सरकारी आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई और मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। इसलिए अतिक्रमणकारियों के लिए यही बेहतर होगा कि वे स्वयं आगे बढ़कर सड़क और सार्वजनिक भूमि को खाली कर दें।

शहीद शुभम चौक से चूड़ी पट्टी, मस्जिद चौक, पोस्ट ऑफिस, बकरी हट्टी, मछली हट्टी, धान हट्टी, जैन मंदिर रोड, हाई स्कूल होते हुए एसएच-98 तक का मार्ग तथा धान हट्टी से तीन खम्मा होते हुए श्री विष्णु मंदिर जाने वाली सड़क आज पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। दुकानों के बाहर फैली चौकियां, बेंच, प्लास्टिक शेड और अन्य सामानों ने सड़क की चौड़ाई को इतना कम कर दिया है कि लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।

सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि किसी दुर्घटना, आगजनी या चिकित्सीय आपातकाल की स्थिति में पुलिस की गश्ती गाड़ी, एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग के वाहन समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाते। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह ने नागरिकों और दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय सभी लोग स्वयं आगे आकर अतिक्रमण हटा लें।

उन्होंने कहा कि सड़कें आम जनता की सुविधा के लिए होती हैं, किसी व्यक्ति विशेष के कब्जे के लिए नहीं। नगर के विकास, यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देना हर नागरिक का दायित्व है।नगरवासियों ने भी प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इस बार अभियान केवल कागजी औपचारिकता नहीं रहेगा, बल्कि बारसोई को स्थायी रूप से जाम और अतिक्रमण की समस्या से मुक्ति दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।अपील :प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों से आग्रह किया है कि वे अगले तीन दिनों के भीतर स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा लें, ताकि जुर्माना, मुकदमा और बलपूर्वक कार्रवाई जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!