महज दो घंटे में पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा
प्रेस वार्ता कर डीएसपी ने दी जानकारी
मनिहारी/कटिहार – प्रखंड के नवाबगंज आईटीआई के समीप दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार के एक फाईनेंस कम्पनी के स्टाफ सोनू कुमार बोलिया क्षेत्र से कलेक्शन कर मनिहारी लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और बंदूक की नोक पर उनके पास मौजूद नकदी छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित कंपनी कर्मी सोनू कुमार ने बताया कि अपराधियों द्वारा लगभग 50 से 60 हजार रुपये की नकदी लूट ली गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और दिनदहाड़े हुई इस वारदात को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार तथा थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला कर महज दो घंटे के अंदर घटना मे शामिल एक आरोपी मो. हामीद बौलिया निवासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएग। इस संदर्भ में मनिहारी थाना में कांड संख्या 267/26 धारा 309 (4) बीएन एस दर्जकर ली गयी है ।
एसडीपीओ बिनोद कुमार ने प्रेस वार्ता मे जानकारी दी कि पल्सर मोटर साईकिल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर तथ्यों की पडताल की जा रही है। महज दो घंटे में लूट की घटना का उद्भेदन कर एक आरोपी मो हामीद को लूट की घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी को ले छापेमारी जारी है। इस अभियान में थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा, एसआई आशीष कुमार, चंदन कुमार, पीयूष नंदन सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल रहे ।
























