12 घंटे तक बिजली गुल रहने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त
फलका/कटिहार – फलका प्रखंड क्षेत्र में लगातार आंधी-तूफान एवं बेमौसम बारिश के कारण मक्का किसान के अलावा विद्युत उपभोक्ता भी अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर काफी परेशान नजर आ रहे हैं। बारिश के कारण मक्का किसानों का आलम यह है कि खेतों में पानी में डूबे मक्का को पानी से छान कर निकाल रहे हैं।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि मौसम के खराब मिजाज के कारण इस बार फसल लगाने में लगा लागत मूल्य भी ऊपर होना मुश्किल लग रहा है। एक तरफ प्रकृति का प्रकोप और दूसरी तरफ फसल कटाई के लिए मजदूरों का गहराता संकट क्षेत्र के किसानों को खून के आंसू रोने को मजबूर कर दिया है। किसान शुभम सिंह, नित्यानंद मंडल, राघव सिंह, शंकर सिंह, पिंटू तिवारी, सोनू तिवारी, राजेश मंडल, अनहद कुमार आदि का कहना है कि प्रखंड क्षेत्र में केला खेती में ‘पनामा विल्ट’ रोग लगने के कारण यहां किसानों की आय का मुख्य स्रोत मक्का फसल ही रहा है।
लेकिन लगातार आंधी-तूफान एवं बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर ही तोड़ दी है। अब बैंकों और साहूकारों का कर्ज चुकाना, बच्चों की पढ़ाई -लिखाई और शादी-विवाह का खर्च कैसे पूरा होगा, यह बात समझ से परे है।इस उमस भरी गर्मी में आंधी -तूफान के बहाने लगातार हो रही अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर उपभोक्ता भी काफी परेशान हैं।
क्षेत्र में लगातार दस से बारह घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण उपभोक्ताओं को सबसे अधिक पानी की किल्लत, मोबाइल फोन और इन्वर्टर चार्जिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न रहने के कारण बच्चों को रात में पठन-पाठन करने में भी काफी परेशानी हो रही है।























