किशनगंज शहर से चार नाबालिग लड़कियां लापता,पुलिस तलाश में जुटी

SHARE:

किशनगंज/सागर चंद्रा


शहर के हलीम चौक निवासी चार नाबालिग लड़कियों के एकसाथ लापता हो जाने का मामला सामने आया है। जब काफी खोजबीन के बाद भी परिजन उन्हें ढ़ूंढ़ने में नाकाम रहे तब जाकर मामला उजागर हुआ। परिजनों के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस बच्चियों की तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि सभी लड़कियां स्थानीय रेलवे स्टेशन से कोलकाता के लिए रवाना हो गई है। फिलहाल पुलिस आरपीएफ की मदद से उनकी खोज में जुट गई है।


वहीं हलीम चौक निवासी कौसर आलम ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय भांजी सुंदरी खातून रविवार सुबह मदरसा जाने के लिए घर से निकली थी। उसी वक्त खगड़ा बिलातीबाड़ी निवासी गुलशाना प्रवीण 11 वर्ष, मुमताज प्रवीण 11 वर्ष और सदीफा खातून 12 वर्ष भी अपने घरों से मदरसा जाने के लिए निकली थी। उनके साथ साबिहा नामक 10 वर्षीय बच्ची भी थी।

सभी एक साथ ई रिक्शा पर सवार होकर स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंचे। लेकिन साबिहा को 200 रुपये देकर उसे घर वापस भेज दिया। जबकि लड़कियों ने ई रिक्शा चालक की मदद से रेलवे स्टेशन पर कोलकाता तक का टिकट कटाया और कंचनजंगा एक्सप्रेस से कोलकाता के लिए रवाना हो गई। इधर बच्चियों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को उनकी चिंता सताने लगी। खोजबीन के दौरान साबिहा ने उन्हें बच्चियों के कोलकाता रवाना होने की जानकारी दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंचे और आरपीएफ को घटना की जानकारी दी। लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी। परिजनों के द्वारा पुलिस के समक्ष मदद की गुहार लगाने के बाद टाउन थाना पुलिस बच्चियों की तलाश में जुट गई है। हालांकि परिजनों का कहना है कि दोपहर लगभग 3:30 बजे एक

अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने कुछ देर के लिए लड़कियों से बात भी कराई। लेकिन जब परिजनों ने उनके ठिकाने के बारे में पूछा तो फोन काट दिया गया। घटना के बाद अब पुलिस रेलवे स्टेशन में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। साथ ही मदरसा के शिक्षकों से भी पूछताछ की जा रही है।

नोट:खबर में प्रकाशित तस्वीर एक सांकेतिक तस्वीर है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई