किशनगंज:जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी के बंद घर का ताला तोड़ कर भीषण चोरी,जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

किशनगंज/सागर चंद्रा

अज्ञात चोरों ने जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉक्टर देवेन्द्र कुमार के रूईधासा वार्ड नंबर 24 स्थित बंद घर का ताला तोड कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। घटना के वक्त डॉक्टर सपरिवार अनुपस्थित थे। पीड़ित के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


वहीं डॉक्टर देवेंद्र ने बताया कि गत 23 मई को उनकी पत्नी सहरसा गई थी। जबकि वे पूर्णिया से वंदे भारत एक्सप्रेस पकड़ कर पटना के लिए रवाना हो गए थे। लेकिन 25 मई की शाम जब वे घर वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला खोलने के बाद अंदर का दरवाजा नहीं खुल रहा था। दरवाजे को अंदर से बंद कर दिया गया था।

काफी मशक्कत के बाद जब उन्होंने कमरे में प्रवेश किया तो भीतर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरों के दरवाजों की कुंडी कटी हुई थी और ताले भी टूटे पड़े थे। कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी भी टूटी पड़ी थी। अज्ञात चोरों ने पूरे घर को खंगाल दिया था। यहां तक कि पूजा घर को भी नहीं बख्शा था।

पीड़ित ने बताया कि चोरों ने सोने के दो चेन, दो अंगूठी, मांग टीका, कान की बाली, झुमका, टॉप्स, नाक के टॉप्स सहित लगभग चार भर सोना और सात से आठ भर चांदी के जेवरात के साथ साथ 45 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया है।


पीड़ित के द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल के निकट लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर चोरों की पहचान में जुट गई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई