ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
पंचायत स्तर पर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर ठाकुरगंज प्रशासन ने सहयोग शिविरों की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अहमर अब्दाली की अध्यक्षता में सहयोग शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार, आवेदन प्राप्ति एवं आगामी शिविरों की सफल तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न पंचायतों के विकास मित्रों, विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुधाकर कुमार तथा ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक रविकांत भी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ अहमर अब्दाली ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पंचायत स्तर पर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक सहज रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने विकास मित्रों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी शिविरों का गांव-गांव तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा कर सकें। बीडीओ ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा।
बैठक के दौरान आगामी शिविरों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बीडीओ अहमर अब्दाली ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 02 जून 2026 को दल्लेगांव, जीरनगच्छ एवं तातपौवा पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं 16 जून 2026 को भोलमारा, खारुदह एवं भोगडावर पंचायत में शिविर लगाया जाएगा।
इन शिविरों में आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, मनरेगा, कल्याण योजनाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन करने का प्रयास किया जाएगा।






















