मनिहारी /कटिहार – मनिहारी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सामूहिक हड़ताल कर नगर की साफ-सफाई व्यवस्था ठप कर दी। सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों का कहना था कि उन्हें मजदूरी आधारित कार्य के बजाय नगर पंचायत द्वारा स्थायी नौकरी दी जाए तथा सभी कर्मियों के खाते में सीधे वेतन का भुगतान किया जाए। इसके अलावा संक्रमण से बचाव के लिए सभी सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
हड़ताल में शामिल लगभग 80 से 90 सफाई कर्मियों में मुख्य रूप से अरविंद भूलन, रतनी देवी,अनूप हाड़ी , अरविंद हाड़ी , कुन्ना पासवान, रीमा देवी, सूरज कुमार, सजनी देवी, गोटो देवी, राजकुमार, विशाल हाड़ी , राजा, सोनी देवी, पंकज चौपाल, अरुण हाड़ी ,रतन कुमार दास,पिंकी देवी,मनोज मलिक,तुलसी देवी,अंजू देवी, उमेश पासवान,कन्हैया चौपाल, तपन कुमार हाड़ी सहित अन्य शामिल थे।कर्मियों ने बताया कि अकुशल मजदूरों के लिए जो निर्धारित मजदूरी तय की गई है। उन्हें वही मजदूरी दी जाए।
इस संबंध में नगर पंचायत के स्वच्छता पदाधिकारी आरुष ने बताया कि विभाग द्वारा फिलहाल सफाई कर्मियों की स्थायी बहाली पर रोक लगी हुई है। उन्होंने कहा कि नगर में स्थायी कर्मियों की बहाली के लिए मांग भेजी गई है। नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था एक एनजीओ को दी गई है, जिसे सफाई कर्मियों को किट उपलब्ध कराने एवं उचित मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने के लिए पत्र लिखा गया है।
उन्होंने कहा कि यदि एनजीओ द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जाता है तो उसका एग्रीमेंट रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही एक जून के बाद चुनाव उपरांत गठित नई सशक्त स्थायी समिति एवं पार्षदों की बैठक में निर्णय लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता पदाधिकारी ने सफाई कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि वे नगर की साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कार्य में जुटे रहें। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को लेकर नगर पंचायत गंभीर है और जल्द समाधान की पूरी संभावना है।






















