कोढ़ा में बैटरी चोरी का खुलासा,चार गिरफ्तार

SHARE:

कोढा/कटिहार-कोढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बैटरी चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार कोढ़ा थाना अंतर्गत ग्राम गेड़ावाड़ी बस्ती से तीन युवक राजू कुमार (19) ,सागर कुमार (20) एवं निर्भय कुमार (25) को बैटरी चोरी के आरोप में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस की सख्ती से पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पूछताछ के क्रम में आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई बैटरियों को बरामद कर लिया। बरामदगी कोढ़ा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 02 स्थित एक कबाड़ी दुकान से की गई। जिसे विश्वनाथ चौधरी (65) संचालित करते हैं। पुलिस ने कबाड़ी दुकानदार को भी इस मामले में संलिप्त पाते हुए गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी की गई बैटरियों को कबाड़ी दुकान पर बेच दिया था। इस पूरे घटनाक्रम में चारों व्यक्तियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई