पति-पत्नी के विवाद में विवाहिता की संदिग्ध मौत रेलवे ट्रैक पर मिला शव

SHARE:

मृतका की मां ने लगाया हत्या का आरोप
जांच में जुटी पुलिस

तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

कोढा/कटिहार-कोढ़ा प्रखंड के रौतारा थाना क्षेत्र के राजवाड़ा पंचायत स्थित चापी गांव में बुधवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चापी गांव निवासी अशोक मुंडा की पत्नी डोली कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार देर रात ग्रामीणों ने नया टोला रेलवे फाटक रौतारा के समीप रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना आसपास के लोगों में तेजी से फैल गई। ग्रामीणों द्वारा इसकी जानकारी मृतका के परिजनों को दी गई। जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शव की पहचान डोली कुमारी के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

बताया जा रहा है कि डोली कुमारी और उसके पति के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना के बाद कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। वहीं मृतका की मां ने अपनी बेटी की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतका की मां का कहना है कि उसकी बेटी के साथ ससुराल में लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि डोली की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रेलवे पटरी पर फेंक दिया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।वहीं मृतका के पति अशोक मुंडा बताते हैं कि वे पत्नी को दारू पीने से मना करते थे फिर भी वो पी लेती थी ।

जिस कारण वे एक दो थप्पड़ मारे थे।जिससे नाराज होकर ऐसा कदम उठा ली। घटना की सूचना मिलते ही रौतारा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।घटना के बाद मृतका के तीन छोटे-छोटे बच्चों की स्थिति देख हर कोई भावुक हो उठा। डोली अपने पीछे छह वर्ष, पांच वर्ष और तीन वर्ष के तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है। बच्चों को शायद अभी यह भी एहसास नहीं है कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही।

गांव की महिलाएं बच्चों को संभालती नजर आईं, जबकि पूरे गांव में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों ने बताया कि डोली स्वभाव से शांत महिला थी और अक्सर अपने बच्चों की परवरिश को लेकर चिंतित रहती थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं लोग पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई