कोढा/कटिहार-वाहन चेकिंग अभियान के क्रम में पुलिस ने एक युवक को अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोढ़ा थाना पुलिस द्वारा नियमित गश्ती के दौरान की गई। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जुराबगंज वार्ड संख्या-01 निवासी साजन यादव को संदेह के आधार पर रोका गया। युवक मोटरसाइकिल पर सवार था।
पुलिस को उसके हाव-भाव संदिग्ध लगे। जिसके बाद उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में पुलिस ने डिक्की से कुल 3 लीटर विदेशी शराब बरामद किया। शराब की बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही युवक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही जिस मोटरसाइकिल से शराब की तस्करी की जा रही थी उसे भी विधिवत जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद शराब अवैध रूप से लाई जा रही थी और इसे क्षेत्र में खपाने की आशंका जताई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी मिल सके। इस कार्रवाई में कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई रोहित कुमार एवं एसआई गोपाल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
टीम की सतर्कता और तत्परता से यह कार्रवाई सफल हो पाई।कोढ़ा थाना पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

























