डंडखोरा/कटिहार – विद्यालय के सफल संचालन को लेकर पदेन अध्यक्ष सह विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी ने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय डंडखोरा तथा द्वाशय में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया।उउमावि डंडखोरा पहुंचने पर विद्यालय परिवार द्वारा विधायक का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के संगीत शिक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में छात्राओं ने स्वागत गान गाये तो वहीं प्रधानाध्यापिका विशाखा कुमारी ने विधायक सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर स्वागत किया।सर्वप्रथम विधायक ने विद्यालय के पठन-पाठन की स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, छात्र-छात्राओं के नामांकन,गत परीक्षा के परिणाम,वर्ग कक्ष, पेयजल,शौचालय आदि की विस्तार से समीक्षा की।वहीं उन्होंने प्रधानाध्यापक,उपस्थित अभिभावकों एवं समाजसेवियों से सलाह मशविरा कर सर्व सम्मति से विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया।जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी डंडखोरा,वरीय शिक्षक कृष्णदेव मंडल,पत्रकार सूरज गुप्ता, सावित्री देवी तथा सोनिया टुड्डू को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। जबकि स्थानीय विधायक पदेन अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक पदेन सदस्य सचिव होते हैं।सदस्य सचिव ने बताया कि उच्च विद्यालय को भूमि और भवन नहीं है।वर्तमान में यह मध्य विद्यालय दुर्गास्थान में संचालित हो रहा है।उन्होंने विद्यालय में विषयवार शिक्षक, वर्ग कक्ष,शौचालय सहित उपस्करों की भारी कमी को चिह्नित कर विधायक से समाधान कराने की दिशा में प्रयास करने की मांग की।उन्होंने कहा कि विद्यालय में पदस्थापित सभी शिक्षक दक्ष और समर्पित हैं।जिसे परीक्षा परिणाम से आंका जा सकता है।वहीं विधायक सह विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री गोस्वामी ने कहा राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर एनडीए सरकार लगातार प्रयत्नशील है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दृढ इच्छा शक्ति के कारण हींआज पंचायतों में इंटर एवं प्रखंड स्तर पर स्नातक की पढाई सुलभ हुई है।उनके सपनों को साकार करने की दिशा में वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी प्रयत्नशील हैं।उन्होंने कहा कि मात्र संसाधनों के बल पर बिहार में शिक्षा का प्राचीन गौरव वापस नहीं लाया जा सकता।इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय प्रबंध समिति को संयुक्त रुप से प्रयास करना होगा।उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से शैक्षणिक माहौल बनाये रखने तथा सदस्यों एवं अभिभावकों से इसमें सहयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि यह सही है कि कुछ विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं की कमी है।जिसे दूर करने के प्रयास किये जा रहे हैं।मौके पर जिला परिषद सदस्य मुकेश पोद्दार,भाजपा नेता इंद्रजीत सिंह,जदयू प्रखंड अध्यक्ष कुंदन महतो,पैक्स अध्यक्ष हीरालाल साह,चंदन भगत, मनोज गुप्ता,नरेश ठाकुर,तल्लू सोरेन सहित संजय कुमार राऊत, मनोज कुमार हिमांशु, बबीता कुमारी, कंचन माला, कोमल भट्टाचार्य,अब्दुल वाहिद सहित अन्य शिक्षक, सदस्य व ग्रामीण मौजूद रहे।



























