कोढ़ा /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के कोलासी निवासी पत्रकार मनीष सिंह के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए पूर्णिया सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव उनके आवास पहुंचे। इस दौरान सांसद ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया तथा घटना की विस्तृत जानकारी ली। उनके साथ कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समर्थक भी मौजूद थे।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सांसद के समक्ष कोलासी-मधुरा ग्रामीण सड़क पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की समस्या को भी उठाया। लोगों ने बताया कि दिन के समय कटिहार बाजार में नो एंट्री लागू रहने के कारण भारी वाहनों का आवागमन अब कोलासी-मधुरा ग्रामीण सड़क से होने लगा है।
यह सड़क ग्रामीण क्षेत्र की होने के बावजूद बड़े वाहनों के दबाव से दुर्घटनाओं का केंद्र बनती जा रही है। अब तक कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।समस्या की गंभीरता को देखते हुए सांसद पप्पू यादव ने तत्काल कटिहार जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी से दूरभाष पर बातचीत की।
उन्होंने डीएम से ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द ठोस समाधान निकालने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन से आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है और प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।सांसद के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

























