जिलाधिकारी ने महेश बथना स्थित एसडीआरएफ भवन का किया निरीक्षण, बाढ़ एवं आपदा से निपटने हेतु त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री विशाल राज द्वारा महेश बथना स्थित

एसडीआरएफ भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा बाढ़ एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में समय पर की गई कार्रवाई अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने टीम को हर परिस्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया
के लिए तैयार रहने का निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित क्षेत्रों तक न्यूनतम समय में पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पूर्व से ही प्रभावी एवं व्यावहारिक रेस्क्यू प्लान तैयार रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा एसडीआरएफ के पास उपलब्ध मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय सहित विभिन्न बचाव उपकरणों एवं आधुनिक रेस्क्यू मशीनों की जांच की गई। उन्होंने सभी उपकरणों को हर समय कार्यशील एवं उपयोग के लिए तैयार रखने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने एसडीआरएफ कमांडेंट को निर्देशित करते हुए कहा कि पूरी टीम को हमेशा अलर्ट मोड में रखा जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन एवं एसडीआरएफ के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध एवं सतर्क है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ की टीम आपदा प्रबंधन में अग्रिम पंक्ति की महत्वपूर्ण इकाई है, इसलिए उनकी तत्परता एवं तैयारी हर समय बेहतर स्थिति में रहनी चाहिए।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई