9 वर्ष पहले खरीदी गई 12.53 एकड़ जमीन की मापी में निकला मात्र 4 एकड़, नगर परिषद बोर्ड बैठक में उठा बड़ा मामला
किशनगंज /प्रतिनिधि
किशनगंज नगर परिषद सभागार में बोर्ड की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज, वार्ड पार्षदों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बरसात के दौरान शहर में जलजमाव एवं नाला की समस्या से लोगों को जल्द राहत दिलाने को लेकर प्रस्ताव रखा गया। सभी वार्ड पार्षदों ने बारी-बारी से अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक के दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में हो रही परेशानियों, गौशाला शवदाह गृह मुख्यद्वार के समीप लगने वाली मांस-मछली दुकानों को हटाने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
वहीं बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा महेश बथनाहा स्थित डंपिंग यार्ड की जमीन खरीद में कथित अनियमितता का रहा। बताया गया कि नगर परिषद द्वारा करीब 9 वर्ष पूर्व 12.53 एकड़ जमीन खरीदी गई थी, लेकिन हालिया मापी में मात्र 4 एकड़ जमीन ही पाई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड बैठक में पूर्व नगर परिषद अधिकारियों एवं तत्कालीन मुख्य पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी।
नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने कहा कि बरसात में लोगों को जलजमाव की समस्या से बचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि डंपिंग यार्ड जमीन खरीद मामले में अनियमितता सामने आने पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर परिषद द्वारा लिखित रूप से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
























