“पर्यावरण संरक्षण को लेकर शहजाद अनवर राजा की अनूठी पहल”
बेलवा (किशनगंज) प्रतिनिधि
मध्य विद्यालय बेलवा काशीपुर में विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री शहजाद अनवर राजा के नेतृत्व में बच्चों द्वारा “मेरा जन्मदिन – मेरा पौधा” कार्यक्रम आयोजित कर अपने जन्मदिन के अवसर पर पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने पूरे जीवन में प्रत्येक जन्मदिन पर कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएंगे तथा उसकी देखभाल भी करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री शहजाद अनवर राजा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण में तेजी से परिवर्तन हो रहा है, जिसके कारण जलवायु संकट, प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन जैसी समस्याएँ बढ़ रही हैं। इन समस्याओं से बचाव के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हराभरा वातावरण तैयार किया जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं बच्चों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने जन्मदिन को पौधारोपण कर ही मनाएंगे और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
























