वट सावित्री पूजा को लेकर किशनगंज के बाजारों में उमड़ी सुहागिनों की भारी भीड़

SHARE:

राहुल/किशनगंज


अखंड सौभाग्य और पति की लंबी आयु की कामना का महापर्व ‘वट सावित्री’ को लेकर किशनगंज शहर में उत्सव का माहौल है। पूजा को लेकर शुक्रवार को शहर के मुख्य बाजारों में खासी चहल-पहल देखी गई। फल बाजार से लेकर श्रृंगार प्रसाधन की दुकानों तक, हर तरफ महिला श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कल होने वाली मुख्य पूजा के लिए महिलाएं आज दिन भर तैयारी में जुटी रहीं। शहर के गांधी चौक, नेमचंद रोड, और फल पट्टी जैसे प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्रों में सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी।

पूजा सामग्री में बांस के पंखे, सूत, धूप-दीप और कलश की जमकर बिक्री हुई। श्रृंगार प्रसाधन में सुहाग का पर्व होने के कारण चूड़ी, बिंदी और मेंहदी की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। बाजार में आम, लीची, केला और खरबूजे जैसे मौसमी फलों की मांग बढ़ने से दुकानों पर काफी रौनक रही।

खरीदारी को लेकर उमड़ी भीड़ की वजह से शहर के कुछ व्यस्त इलाकों में रह-रहकर जाम की स्थिति भी बनी रही। हालांकि, चिलचिलाती धूप और गर्मी के बावजूद महिलाओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई। श्रद्धालुओं का कहना है कि वट सावित्री का व्रत उनके लिए विशेष महत्व रखता है, जिसे वे पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ मनाने की तैयारी कर रही हैं।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!