साबोडांगी चौक पर दर्दनाक सड़क हादसा: बिजली विभाग के मानव बल मो. रकीब आलम की मौत, क्षेत्र में पसरा मातम

SHARE:

ठाकुरगंज/संवाददाता

किशनगंज जिले के सुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-327 ई पर स्थित साबोडांगी चौक शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना, जहां बिजली विभाग में कार्यरत मानव बल मो. रकीब आलम (55 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और कर्मठ कार्यशैली के लिए पहचान रखने वाले मो. रकीब आलम के निधन से विभागीय कर्मियों समेत स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक मो. रकीब आलम विद्युत आपूर्ति विभाग, अवर प्रमंडल ठाकुरगंज के अंतर्गत पौआखाली सेक्शन में मानव बल के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे वे अपने घर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर विभागीय कार्य के सिलसिले में क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान साबोडांगी चौक के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सड़क पर दूर जा गिरीं और मो. रकीब आलम गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल मो. रकीब आलम को आनन-फानन में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौआखाली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज रेफर कर दिया।

सदर अस्पताल में भी उनकी स्थिति नाजुक बनी रही। चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल किशनगंज भेजा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।

मृतक मो. रकीब आलम सुखानी थाना क्षेत्र के कादोगांव, पोस्ट बी.बी. भारतपुर के निवासी थे। वे लंबे समय से बिजली विभाग में मानव बल के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। विभागीय कार्यों के प्रति उनकी निष्ठा और आम लोगों के प्रति उनके सहज व्यवहार के कारण वे क्षेत्र में काफी सम्मानित माने जाते थे।

घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनएच-327 ई पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई