किशनगंज/सागर चंद्रा
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई मामले में गंधर्वडांगा थाना में पदस्थापित परिक्षमान एस आई नितेश कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जबकि होमगार्ड जवान छठूलाल राय को तत्काल प्रभाव से पुलिस केन्द्र किशनगंज वापस बुला लिया है। साथ ही उसके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र भेजा है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के आधार पर की गई है।
दरअसल सोशल मीडिया के माध्यम से एसपी को एक विडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो में गंधर्वडांगा पुलिस के द्वारा कांड संख्या 45/26 के अनुसंधान के क्रम में व्यक्ति की पिटाई करने का आरोप लगाया गया है। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद एसपी ने फौरन गंधर्वडांगा थानाध्यक्ष से पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया गया कि थाने में पदस्थापित एस आई नितेश कुमार वर्मा और होमगार्ड जवान छठूलाल राय के द्वारा व्यक्ति से पूछताछ के दौरान मारपीट की गई थी।
एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों के कर्त्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन, उदंडतापूर्ण आचरण को परिलक्षित करता है। उनके द्वारा बरती गई लापरवाही के लिये एस आई नितेश कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है तथा 07 दिनों के अन्दर विभागीय जांच के विरूद्ध स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।
साथ ही होमगार्ड जवान छठूलाल राय को तत्काल प्रभाव से पुलिस केन्द्र, किशनगंज वापस करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र भेजा जा रहा है। साथ ही एसडीपीओ 02 मंगलेश कुमार सिंह को पूरे प्रकरण की जांच कर 24 घंटे के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जांच प्रतिवेदन में अगर थानाध्यक्ष कुन्दन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी की भी संलिप्तता मारपीट मामले में उजागर होती है तो उनके विरूद्ध भी कार्रवाई की जायेगी।
बताते चलें कि गत 10 मई को गंधर्वडांगा थाना क्षेत्र के तलबारबंधा गांव में मक्के के खेत से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ था । मृतका की पहचान उमेदा खातून उर्फ नेंगरी, पति लजमुद्दीन उर्फ बमका, पूर्व वार्ड सदस्य निवासी वार्ड संख्या 5 तलबारबंधा के रूप में हुई है।महिला के सीने पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान पाए गए थे। वह 9 मई से लापता थीं, लेकिन इसकी कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। परिजनों को लगा था कि वह किसी रिश्तेदार के घर चली गई हैं। लेकिन रविवार शाम शव मिलने के बाद पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई थी।
























