सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित
संवाददाता/ किशनगंज
जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बिहार लोक सेवा आयोग के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा पद पर नियुक्ति हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल एवं कदाचार-मुक्त आयोजन को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में ब्रीफिंग आयोजित की गई।
उक्त परीक्षा तीन चरणों में ली जाएगी यथा प्रथम चरण 14.04.2026 को दो पाली, 15.04.2026 को प्रथम पाली, द्वितीय चरण 17.04.2026 को दो पाली, 18.04.2026 को प्रथम पाली, तृतीय चरण 20.04.2026 को दो पाली, 21.04.2026 को प्रथम पाली, में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक निर्धारित है। इस परीक्षा में किशनगंज जिला अंतर्गत लगभग 4980 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। किशनगंज जिला मुख्यालय में कुल 11 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहाँ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों की चेकिंग, फ्रिस्किंग एवं बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त परीक्षा संपन्न हो सके। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
ब्रीफिंग में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जनरेटर की व्यवस्था प्रत्येक केंद्राधीक्षक द्वारा की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि प्रश्नपत्र केवल परीक्षार्थियों की उपस्थिति में एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप खोले जाएँ। साथ ही सीटिंग प्लान के अनुपालन को लेकर भी विस्तृत ब्रीफिंग दी गई।
परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटा पूर्व से फ्रिस्किंग के उपरांत प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला दंडाधिकारी/महिला बल तथा पुरुष परीक्षार्थियों की तलाशी पुरुष दंडाधिकारी/पुरुष बल द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा कमी पाए जाने पर त्वरित व्यवस्था कराएँ।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा परीक्षा केंद्रों के सुचारू एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें केंद्र अधीक्षक की भूमिका एवं दायित्वों पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों एवं तैनात कर्मियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही, बायोमेट्रिक, जनरेटर, पेयजल आपूर्ति आदि से जुड़े कर्मियों को भी विधिवत जांच के उपरांत ही केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि केंद्र के भीतर कार्यरत प्रत्येक स्टाफ की जांच सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। परीक्षार्थियों के बैग, मोबाइल फोन एवं अन्य निषिद्ध सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव हेतु समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से आगाह किया कि परीक्षा माफिया, संगठित गिरोह एवं असामाजिक तत्वों द्वारा प्रश्नपत्र लीक करने के प्रयास किए जाते हैं, अतः सभी संबंधित पदाधिकारी उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखें। प्रश्नपत्र के सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन को भी अत्यंत प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
साइबर डीएसपी को परीक्षा को लेकर अलर्ट रहने, संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी करने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप एवं टेलीग्राम समूहों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने यातायात व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए समुचित ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। फ्रिस्किंग व्यवस्था को पूर्णतः सख्ती से लागू करने, परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी होटल, लॉज एवं संदिग्ध स्थलों की सघन जांच करने तथा सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भीड़-भाड़, फोटोस्टेट दुकान, इंटरनेट कैफे एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समन्वय के साथ कार्य करते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, सहित पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे तथा वीसी के माध्यम से भी पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित थे।


























